Pilibhit : मेला देखने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर

गजरौला (पीलीभीत)। सराय सुंदरपुर गांव के विक्रम (18) की बृहस्पतिवार रात साढ़े नौ बजे असम हाईवे पर वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि उसका साथी संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। संजीव को बरेली रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गांव सराय सुंदरपुर निवासी रामपाल का पुत्र विक्रम गांव के अपने दोस्त संजीव के साथ बृहस्पतिवार रात बिठौरा कला में चल रहे रामलीला मेला को देखने के लिए बाइक से जा रहा था। असम हाईवे पर पीलीभीत की ओर से आए एक वाहन की चपेट में बाइक के आने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचवाया। यहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया। संजीव की हालत नाजुक होने पर उसे बरेली रेफर किया गया है। बरेली में संजीव का हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को अभी मृतक के परिवार के ओर से तहरीर नहीं दी गई है। इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।

सड़क हादसे में बिहार के युवक की मौत, एक घायल

बरखेड़ा। पिपरिया मंडन के पास बिहार के रहने वाले बिट्टू (24) की शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा विशाल घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव दौलतपुर पट्टी निवासी रामपाल ने बताया कि एक सप्ताह पहले बिहार के जिला आरा से उसका साला बिट्टू परिवार के साथ उसके घर मेहमानी में आया था। शुक्रवार को वह एक ग्रामीण की बाइक लेकर गांव के ही विशाल के साथ पिपरिया मंडन गया था। लौटते समय पिपरिया मंडन और दौलतपुर के बीच हादसा हो गया और दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने बिट्टू को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना स्थल पर एक टूटी साइकिल भी मिली। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी साइकिल सवार से बाइक टकराई है।

Source link

Show More
Back to top button