अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जन शिक्षण संस्थान ने जागरूकता संगोष्ठी का किया आयोजन

पीलीभीत। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जन शिक्षण संस्थान ने विकासखण्ड बरखेड़ा के ग्राम मधुपुरी में एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्थानीय समाजसेवी और मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रजनी देवी के स्वागत के साथ किया गया।
रजनी देवी ने लाभार्थियों के मध्य विचार व्यक्त करते हुये कहा कि लैंगिक समानता लाने के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण बहुत जरूरी है। महिलाओं के पास पुरुषों के समान ही क्षमता है, बशर्ते उन पर भरोसा किया जाय। आज की महिलाएं अपनी शक्तियों और क्षमताओं को महसूस करती है, तभी तो आज समाज के सभी क्षेत्रों में महिलायें अपना स्थान सुनिश्चित करने के साथ साथ अपनी अलग पहचान बना रही है। यह कहना गलत नहीं होगा कि अगर पृथ्वी पर कोई महिला नहीं बची, तो मानव जाति का अस्तित्व ही समाप्त हो जायेगा, क्योंकि स्त्री ही है जो इस धरती पर जीवन लाती है। हर महिला विशेष है। क्योकि वह बच्चों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और अपने घर को भी कुशलतापूर्वक प्रबन्धित करती है। प्रत्येक महिला को अपना महत्व समझना चाहिए और स्वयं के विकास के लिये प्रयास करने का साहस होना भी चाहिए। अन्त में आपने महिला शक्ति को अविश्वसनीय बताते हुए अपनी बात को समाप्त किया।

पूर्व में संस्थान के सहायक कार्यक्रम अधिकारी अशरफ हुसैन ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए उनका शिक्षित होना बहुत आवश्यक है क्योंकि अशिक्षित लोगों के पास, जानकारी का आभाव रहता है, इसलिए समाज की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए पहली सीढ़ी, शिक्षा ही है। आपने आगे बताया कि जन शिक्षण संस्थान भी प्रतिवर्ष कार्ययोजना के अनुरूप 80 प्रतिशत महिलाओं को विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करके उनकों स्वरोजगार प्रदान करने में मदद करता है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सके।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान की संदर्भ व्यक्ति वंदना द्वारा किया गया।

Show More
Back to top button