पंचतत्व में विलीन हुए नेताजी मुलायम सिंह यादव

धरतीपुत्र और नेताजी के उपनाम से लोकप्रिय समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार मंगलवार को इटावा स्थित उनके पैतृक गांव सैफई में किया गया। सपा प्रमुख और उनके पुत्र अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस मौके पर मुलायम परिवार के सदस्यों के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राजनीति, फिल्म और व्यापार जगत की तमसम हस्तियां मौजूद रहीं।

सुबह लगभग साढ़े दस बजे उनके पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के लिए शव वाहन पर रखा गया तो अपने नेता की एक झलक पाने को वहां मौजूद जनसैलाब आतुर हो उठा। हजारों की संख्या में लोग अपने प्रिय नेताजी की याद में जयकारे और नारे लगाते हुए शव यात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे। पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा गया, यहां श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों का तांता लग गया।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, उप्र. के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रमोद तिवारी, भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी, वरुण गांधी, योगी गुरु बाबा रामदेव, राज्यसभा सदस्य जया बच्चन, अभिषेक बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी और सुब्रत राय सहारा के अलावा अन्य हस्तियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य, रामगोविंद चौधरी, एनसीपी के नेता प्रफुल्ल पटेल और आप सांसद संजय सिंह, रालोद सांसद जयंत चौधरी ने भी नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सपा के वरिष्ठ नेता मो. आजम खान ने भी अपने विधायक पुत्र अब्दुल्ला आजम के साथ नेताजी के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर श्रृद्धांजलि अर्पित की। वरुण गांधी तो यहां अखिलेश यादव से गले मिलकर रो पड़े। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव के अलावा मुलायम के भाई रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव और स्व. साधना गुप्ता के पुत्र प्रतीक एवं पुत्रवधू अपर्णा यादव आदि मौजूद थे। अखिलेश के साथ धर्मेन्द्र यादव, आदित्य और अक्षय यादव ने अर्थी को कंधा दिया।

Show More
Back to top button